संवाददाता रिपोर्ट (नालासोपारा):
वसई-विरार शहर महानगरपालिका के घनकचरा व्यवस्थापन विभाग ने शासन के निर्देशों के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। इसी कड़ी में प्रभाग समिति ‘ई’ क्षेत्र के श्रीप्रस्था, तीसरा रोड, नालासोपारा पश्चिम स्थित एक गोदाम पर कार्रवाई की गई।
मनपा टीम ने छापेमारी के दौरान करीब 3200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की। संबंधित संचालक पर पर्यावरण नियमों के उल्लंघन के तहत 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। आगे भी ऐसी कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में घनकचरा विभाग की उपायुक्त अर्चना दिवे, प्रभारी सहायक आयुक्त जितेंद्र नाईक, स्वच्छता निरीक्षक, स्वच्छता मार्शल तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
नागरिकों से अपील:
मनपा ने नागरिकों से अपील की है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें। कपड़े के थैले, कागज की पैकेजिंग या अन्य पुनः उपयोग योग्य विकल्पों को अपनाने की गुजारिश की गई है।
नालासोपारा में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 3200 किलो प्लास्टिक जब्त, 5 हजार रुपये का जुर्माना |
By Radha Singh
May 28, 2026 4:28 PM
---Advertisement---







