बालाजी होटल के सामने हुआ दर्दनाक हादसा
वसई: नायगांव पूर्व क्षेत्र में गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें ट्रांसफॉर्मर की केबल से जोरदार बिजली का झटका लगने से 29 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना बालाजी होटल के सामने सड़क किनारे स्थित ट्रांसफॉर्मर के पास घटित हुई।
मृतक की पहचान हुई
नायगांव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ज्ञानसागर महाजन मिश्रा (29) निवासी चेतना चाल, रामनगर, कांदिवली (मुंबई) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मृतक के सहकर्मी अब्दुल रहमान नवाबअली खान (26) ने नायगांव पुलिस को दी।
क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता अब्दुल रहमान ने पुलिस को बताया कि ज्ञानसागर मिश्रा उसके साथ हेल्पर के रूप में काम करता था। घटना के समय वह बालाजी होटल के सामने स्थित ट्रांसफॉर्मर के पास मौजूद था। इसी दौरान वह ट्रांसफॉर्मर की केबल के संपर्क में आ गया और उसे जोरदार बिजली का झटका लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक नशे की हालत में था, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने दर्ज किया एडी का मामला
नायगांव पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु (एडी) का मामला दर्ज कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर आगे की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






