IMD की चेतावनी के बाद प्रशासन का एक्शन
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पालघर जिले में 2 जुलाई 2026 को भारी से अति भारी और कई स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने तुरंत एहतियाती कदम उठाते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने जिले के सभी सरकारी, निजी, अनुदानित और गैर-अनुदानित स्कूलों, जूनियर कॉलेजों और प्रशिक्षण संस्थानों में 2 जुलाई को अवकाश घोषित कर दिया है।
शिक्षकों और कर्मचारियों को रहना होगा उपस्थित
जिलाधिकारी ने जारी आदेश में स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह छुट्टी दी गई है। हालांकि, इस दौरान सभी स्कूलों और कॉलेजों के मुख्याध्यापक, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। उन्हें स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में पूरा सहयोग करना होगा।
नागरिकों के लिए जारी एडवाइजरी
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। इसके अलावा, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से पूरी तरह दूर रहें और मौसम विभाग तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।




