वसई: महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष गणेश पाटील की मंजूरी के बाद वसई-विरार शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष कैप्टन निलेश पेंढारी ने अपनी 43 सदस्यीय नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है। इस नई कार्यकारिणी में छात्र राजनीति से उभरे वरिष्ठ नेता रतन तिवारी को उनकी दीर्घकालिक सक्रियता, निष्ठा और समर्पण को देखते हुए वसई-विरार शहर जिला कांग्रेस कमेटी का कार्याध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
20 वर्षों का संगठनात्मक अनुभव और मजबूत जनाधार
रतन तिवारी का राजनीतिक सफर एनएसयूआई (NSUI) और युवा कांग्रेस की छात्र राजनीति से शुरू हुआ था। वे लगभग 20 वर्षों तक वसई-विरार कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे वसई-विरार महानगरपालिका चुनाव में कांग्रेस के आधिकारिक प्रत्याशी भी रह चुके हैं। संगठन के प्रति उनकी अनवरत कार्यशैली को देखते हुए ही पार्टी आलाकमान ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा के परंपरागत उत्तर भारतीय वोट बैंक में सेंध लगाने की रणनीति
रतन तिवारी वसई-विरार क्षेत्र में एक प्रमुख ब्राह्मण और उत्तर भारतीय चेहरे के रूप में जाने जाते हैं। स्थानीय युवाओं और उत्तर भारतीय समाज के बीच उनकी गहरी पैठ और जबरदस्त लोकप्रियता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस ने इस रणनीतिक नियुक्ति के जरिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के परंपरागत उत्तर भारतीय वोट बैंक में सीधी सेंध लगाई है।
कार्यकर्ताओं और युवाओं में खुशी की लहर
रतन तिवारी को कार्याध्यक्ष बनाए जाने पर वसई-विरार बेल्ट के उत्तर भारतीय समुदाय और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से आने वाले महानगरपालिका व आगामी चुनावों में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।











