सुंदरकाण्ड वाचन के साथ हुआ विघ्नहर्ता भगवान गणेश का भावपूर्ण स्वागत, गणमान्य लोगों ने लिया आशीर्वाद
ठाणे। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर पूरे महाराष्ट्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। ठाणे में भी जगह-जगह भगवान गणेश के स्वागत के लिए विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में तापड़िया परिवार के घर लगातार 17वें वर्ष विघ्नहर्ता भगवान गणेश का भव्य एवं भावपूर्ण स्वागत किया गया।
‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच तापड़िया परिवार के घर लंबोदर महाराज की स्थापना की गई। इस अवसर पर भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
आयोजन में कोलकाता से विशेष रूप से पहुंचे जगमोहन दिग्गा और राजूजी राठी ने भिवंडी, ठाणे, कल्याण, डोंबिवली और भायंदर से आए साथी कलाकारों के साथ सुंदरकाण्ड का वाचन किया। धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान गणेश का पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर ठाणे की विभिन्न राजनीतिक हस्तियों, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही। इसके अलावा परमार्थ सेवा समिति की विश्वस्त निशा सुमन जैन, मारवाड़ी इन ठाणे की अध्यक्षा सुमन आर. अग्रवाल तथा दिल्ली से पधारी मैनादेवी राजकुमार मोहता ने भी भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
आयोजक राजू तापड़िया एवं रौनक तापड़िया ने आयोजन में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं और अतिथियों का भव्य अभिनंदन किया। लगातार 17वें वर्ष आयोजित इस गणेशोत्सव ने परिवार और आमंत्रित अतिथियों के बीच श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सहभागिता का माहौल बनाया।
रिपोर्ट: सैय्यद जाहिद अली रियासत












