ठाणे: ठाणे क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने एक फर्जी पत्रकार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान लोकमित्र वसंत खरात के रूप में की है, जो अशोक रत्नाकर नाम का भी इस्तेमाल करता था।
स्पा संचालक से की थी वसूली
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने राबोडी क्षेत्र में एक स्पा संचालक से दो हजार रुपये वसूले थे। जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को ‘दैनिक मराठवाड़ा केसरी’ नामक समाचार पत्र का प्रतिनिधि बताता था। हालांकि, पुलिस जांच में यह पता चला है कि इस नाम का कोई भी समाचार पत्र मौजूद नहीं है।
बिना वैध प्रेस कार्ड के करता था वसूली
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी के पास कोई वैध प्रेस पहचान पत्र नहीं था। वह केवल विजिटिंग कार्ड के आधार पर खुद को पत्रकार बताता था और स्पा संचालकों से पैसे वसूलता था।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
जानकारी के अनुसार, आरोपी हाल ही में ठाणे सेंट्रल जेल से रिहा हुआ है। उस पर पहले भी वाघबिल नाका इलाके में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हेलमेट से हमला करने का मामला दर्ज है। मामले में आगे की जांच जारी है।







