सहकार पैनल ने 21 में से 16 सीटों पर लहराया परचम
ठाणे-पालघर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक (टीडीसीसी) के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं, जिसमें सहकार पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। पैनल ने कुल 21 सीटों में से 16 पर जीत दर्ज कर बैंक के संचालन पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। नतीजे आते ही वसई-विरार में समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर गुलाल उड़ाकर और मिठाइयां बांटकर जमकर जश्न मनाया।
हितेंद्र ठाकुर और एकनाथ शिंदे के समर्थन का दिखा असर
इस बार का बैंक चुनाव राजनीतिक लिहाज से काफी सुर्खियों में रहा। सहकार पैनल को बहुजन विकास आघाड़ी (बीवीए) के दिग्गज नेता हितेंद्र ठाकुर और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का खुला समर्थन प्राप्त था। वहीं, दूसरी ओर ‘परिवर्तन पैनल’ की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल के समर्थकों के हाथों में थी। दोनों ही गुटों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी, जिसके चलते मुकाबला कांटे का माना जा रहा था। 27 जून को हुए मतदान के बाद 28 जून को मतगणना हुई, जिसमें सहकार पैनल की जीत पर मुहर लग गई।
बागी उम्मीदवार हार्दिक राऊत को मिली हार
चुनावी मैदान में एक रोचक मोड़ तब आया जब बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक हार्दिक राऊत ने पार्टी के खिलाफ बगावत करते हुए ‘परिवर्तन पैनल’ के टिकट पर अपना दावा ठोका। उनके मैदान में उतरने से मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया था, लेकिन अंततः उन्हें हार का सामना करना पड़ा। हार्दिक राऊत इससे पहले भी एक चुनाव में पराजित हो चुके हैं।
हितेंद्र ठाकुर ने कार्यकर्ताओं की मेहनत को बताया जीत का आधार
जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए हितेंद्र ठाकुर ने कहा कि यह जीत पूरी तरह से कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और मतदाताओं के भरोसे का नतीजा है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने बैंक द्वारा किए गए विकास कार्यों और नीतियों पर अपनी मुहर लगाई है, जो संगठन की एकजुटता का प्रतीक है।



