महाराष्ट्र के ठाणे शहर में पुलिस की अनैतिक मानवी यातायात शाखा (AHTC) ने एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कापूरबावड़ी थाना क्षेत्र से देह व्यापार का नेटवर्क चलाने वाली एक महिला दलाल को गिरफ्तार किया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर में काम करने वाली चार पीड़ित युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
फर्जी ग्राहक भेजकर बिछाया गया जाल AHTC की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कापूरबावड़ी नाका स्थित लेक सिटी मॉल के समीप, बर्गर किंग के पास एक महिला एजेंट ग्राहकों को लड़कियां मुहैया कराने आ रही है। खबर की पुष्टि होते ही पुलिस ने पंचों और एक बोगस (फर्जी) ग्राहक की मदद से कड़ा जाल बिछाया। महिला एजेंट के मौके पर पहुंचते ही पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा और चारों युवतियों को उसके चंगुल से मुक्त कराया।
ठाणे से लेकर गोवा और गुजरात तक फैले तार प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी महिला पिछले लगभग एक साल से स्पा सेंटर में काम करने वाली लड़कियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजकर यह अवैध कारोबार चला रही थी। पुलिस को अंदेशा है कि इस रैकेट के तार केवल ठाणे और मुंबई तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि लोनावला, गोवा और गुजरात तक फैले हुए हैं।
कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच पकड़ी गई आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। रेस्क्यू की गई युवतियों को सुरक्षित महिला सुधारगृह भेजने की प्रक्रिया जारी है। क्राइम ब्रांच के ACP मदन बल्लाळ और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अंजली आंधळे के नेतृत्व में पुलिस अब इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।











