महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस को देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है। ठाणे शहर अपराध शाखा की अनैतिक मानव तस्करी विरोधी शाखा (AHTC) ने राबोडी पुलिस थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला एजेंट को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि उसके चंगुल से दो युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।
पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा AHTC को गुप्त सूचना मिली थी कि खोपट रोड, हंस नगर, कैडबरी नाका स्थित अभिमान होटल के पास एक महिला एजेंट देह व्यापार के सिलसिले में ग्राहकों को युवतियां सप्लाई करने आने वाली है। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोगस ग्राहक (डमी कस्टमर) और पंचों की मदद से इलाके में जाल बिछाया। जैसे ही महिला एजेंट वहां पहुंची, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और मौके से दोनों युवतियों को छुड़ा लिया।
डांस बार की युवतियों से जुड़ा था नेटवर्क प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी महिला एजेंट दहीसर, बोरीवली और मीरा-भाईंदर क्षेत्र के डांस व ऑर्केस्ट्रा बार में काम करने वाली युवतियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजकर उनसे सौदा तय करती थी।
कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच जारी पुलिस अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि इस रैकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं तथा इस गिरोह में कौन-कौन शामिल है। गिरफ्तार महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पीटा (PITA) एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, रेस्क्यू की गई दोनों युवतियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत सुरक्षित महिला सुधारगृह भेजने की तैयारी की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं एसीपी मदन बल्लाळ के मार्गदर्शन में AHTC की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अंजली आंधळे और उनकी टीम द्वारा अंजाम दी गई।











