वसई के वालीव पुलिस थाना क्षेत्र में नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने एक व्यक्ति के विश्वास में सेंध लगाकर उनके बैंक खाते से करीब 6 लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुई ठगी?
मिरा रोड पूर्व के रहने वाले 42 वर्षीय रविंद्र देविदास मोटे ने वालीव पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, चिंचपाड़ा स्थित एक कंपनी में अकाउंटेंट की नौकरी दिलाने के बहाने आरोपी ने उनका विश्वास जीता। इस दौरान आरोपी ने रविंद्र से कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए और उनके हस्ताक्षरों का दुरुपयोग करते हुए आईडीबीआई बैंक का एक कोरा चेक (चेक नंबर 036311) अपने कब्जे में ले लिया।
खाते से उड़ाए 5 लाख 90 हजार रुपये
आरोपी ने पीड़ित के विश्वास का फायदा उठाते हुए 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:34 बजे उसी चेक के जरिए उनके बैंक खाते से 5 लाख 90 हजार रुपये निकाल लिए। जब पीड़ित को इस ठगी का पता चला, तो उनके होश उड़ गए और तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
BNS की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज, जांच जारी
शिकायत के आधार पर वालीव पुलिस ने अज्ञात कंपनी कर्मचारी और संबंधित बैंक खाते के धारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2), 305(अ) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर और कितने बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बनाया है।







rvswygmoediyzgidgrjfzszrkjxtgf