वसई पश्चिम के पारनाका खाड़ी क्षेत्र में बुधवार को एक अज्ञात महिला का शव पानी में मिला है। सूचना मिलने पर वसई पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय व्यक्ति की सूचना पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे पारनाका क्षेत्र में खाड़ी के पानी वाले हिस्से में एक महिला का शव दिखाई दिया। स्थानीय निवासी जयराम कृष्णा तांडेल ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस के मुताबिक, मृतका की उम्र लगभग 55 से 60 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेंगे मौत के असली कारण
प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का मानना है कि शव पानी में बहकर इस क्षेत्र में आया है। महिला की मौत पानी में डूबने से हुई प्रतीत होती है, लेकिन मृत्यु के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस की अपील, जानकारी देने का आग्रह
वसई पुलिस ने अकस्मात मृत्यु (एडी) क्रमांक 40/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात महिला की पहचान करने और उसके परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस महिला के बारे में कोई जानकारी हो, तो वे वसई पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।





