पुलिस अपराध शाखा की बड़ी कामयाबी
वसई: मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की वालिव पुलिस अपराध शाखा ने सेंधमारी और वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 लाख 63 हजार 705 रुपये का चोरी का माल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के चलते चोरी के 8 मामलों का खुलासा हुआ है।
गुप्त सूचना और तकनीकी जांच से मिला सुराग
वालिव पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज घरफोड़ और वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान अपराध शाखा को गुप्त सूचना एवं तकनीकी जांच के आधार पर अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के कई सदस्यों को हिरासत में ले लिया।

आठ वारदातों को किया कबूल
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने विभिन्न स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके निशानदेही पर चोरी का माल बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने अब तक आठ अलग-अलग अपराधों को अंजाम दिया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। इसमें परिमंडल 2 के पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर, सहायक पुलिस आयुक्त उमेश माने पाटील, वालिव वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिलीप घुगे और क्राइम पुलिस निरीक्षक गोरक्षनाथ जैद की अपराध प्रकटीकरण शाखा की टीम शामिल रही।
आगे की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि यह गिरोह अन्य मामलों में भी शामिल रहा है या नहीं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।






