वसई में मंगलवार को दिनभर हुई मूसलाधार बारिश के बीच एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। वसई (पश्चिम) के रमेदी चर्च होली इलाके में लगातार हो रही बारिश के कारण एक पुराना कौलारू मकान अचानक भरभराकर ताश के पत्तों की तरह ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में घर के अंदर मौजूद 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई।

मलबे में दबने से महिला की गई जान मृतका की पहचान शशिकला अरुण पाटील (71) के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से पुराने मकान का ढांचा बेहद कमजोर हो चुका था, जो अचानक ढह गया। मकान गिरते ही तेज आवाज हुई और शशिकला पाटील भारी मलबे के नीचे दब गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
फायर ब्रिगेड ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन घटना की सूचना मिलते ही वसई-विरार महानगरपालिका के अग्निशमन दल के जवान बिना देरी किए मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद कौलारू मकान का भारी मलबा हटाया और महिला को बाहर निकाला। उन्हें अत्यंत गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के मौसम में जर्जर मकानों में सतर्क रहें और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं।











