भारी बारिश और बाढ़ के बाद प्रशासन पर उठे सवाल
वसई। वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति के बाद नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। इसी कड़ी में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने वसई-विरार महापालिका के आयुक्त पद पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे की नियुक्ति की मांग की है। पार्टी के वसई तालुका प्रमुख प्रथमेश राऊत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।
आपदा प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
पत्र में प्रथमेश राऊत ने बताया कि लगातार पांच दिनों तक हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में गंभीर जलभराव हो गया। घरों, दुकानों और बाजारों में पानी घुसने से नागरिकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। बिजली और इंटरनेट सेवाएं ठप रहने से लोगों की परेशानियां और बढ़ गईं। राऊत ने आरोप लगाया कि इस आपदा के दौरान वर्तमान महापालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. सहित वरिष्ठ अधिकारी राहत कार्यों में सक्रिय नहीं दिखे और आपदा प्रबंधन पूरी तरह विफल रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में भी शहर में अवैध निर्माणों को खुली छूट दी जा रही है।
तुकाराम मुंढे को बनाया जाए आयुक्त
शिवसेना (उद्धव ठाकरे) ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वर्तमान आयुक्त का तत्काल तबादला कर उनकी जगह ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी तुकाराम मुंढे को वसई-विरार महानगरपालिका का आयुक्त नियुक्त किया जाए, ताकि शहर की बिगड़ी व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।
इससे पहले भी उठ चुकी है मांग
गौरतलब है कि तुकाराम मुंढे को वसई-विरार का आयुक्त बनाने की मांग नई नहीं है। इससे पहले भी पूर्व महापालिका आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी के सेवानिवृत्त होने के बाद भाजपा के तत्कालीन नगरसेवक महेश सरवणकर ने भी तुकाराम मुंढे को ही इस पद पर नियुक्त करने की मांग की थी।





