---Advertisement---

वसई-विरार की बाढ़ समस्या को लेकर विधायक स्नेहा दुबे-पंडित की मुख्यमंत्री से मुलाकात, जल्द बुलाई जाएगी विशेष बैठक |

July 10, 2026 1:47 PM
---Advertisement---

वसई-विरार में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित

वसई-विरार में हालिया मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ की गंभीर स्थिति को लेकर वसई विधानसभा की विधायक स्नेहा दुबे-पंडित ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने बाढ़ समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और सभी संबंधित विभागों की एक संयुक्त विशेष बैठक तत्काल बुलाने की मांग की।

सभी विभागों को एक साथ लाने की आवश्यकता

विधायक ने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट किया कि वसई-विरार में हर साल बारिश के सीजन में बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं, जिसका सीधा असर नागरिकों के जीवन, संपत्ति, यातायात और रोजगार पर पड़ता है। उन्होंने राजस्व, नगर विकास, सार्वजनिक निर्माण विभाग, एमएसआरडीसी, भारतीय रेलवे, वसई-विरार महानगरपालिका और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण जैसे सभी प्रमुख विभागों को एक साथ लाकर एक दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।

रेलवे सेवाएं बाधित होने से नागरिकों को परेशानी

बैठक में विधायक ने पिछले पांच दिनों की भारी बारिश के कारण रेलवे सेवाओं में बार-बार आई बाधा का मुद्दा भी उठाया। इसके चलते हजारों की संख्या में नौकरीपेशा लोग, औद्योगिक कर्मचारी, व्यापारी, छात्र और मुंबई जाने वाले शिक्षक काफी परेशान हुए। विधायक ने राज्य सरकार से प्रभावित निजी संस्थानों, उद्योगों और शैक्षणिक संस्थाओं के कर्मचारियों तथा शिक्षकों के लिए कम से कम चार दिन की सवेतन विशेष छुट्टी घोषित करने की मांग की।

मुख्यमंत्री ने दिया जल्द बैठक बुलाने का आश्वासन

विधायक की मांग और समस्या की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले पर तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने वसई-विरार की बाढ़ समस्या की व्यापक समीक्षा के लिए संबंधित विभागों की विशेष संयुक्त बैठक जल्द आयोजित करने का आश्वासन दिया। विधायक ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि राज्य सरकार को युद्धस्तर पर काम करके नागरिकों को हर साल बाढ़ की मार से बचाने के लिए स्थायी और प्रभावी समाधान लागू करने चाहिए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment