महापौर अजीव पाटील से मिलीं बीवीएमसी सदस्य रूचिता नाईक, नागरिक सुविधाओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
नालासोपारा, 3 जून: वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के नागरिकों को जल्द ही कई नई सुविधाएं मिल सकती हैं। बहुजन विकास आघाड़ी की पदाधिकारी रूचिता नाईक ने महानगरपालिका के महापौर अजीव पाटील से मुलाकात की और नागरिकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महापौर ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सार्वजनिक स्थानों पर मिलेगी फ्री वाई-फाई सुविधा
ज्ञापन के माध्यम से शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर मुफ्त वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। प्रस्ताव के अनुसार, शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, महाविद्यालयों, बस स्टैंड और सार्वजनिक उद्यानों में फ्री इंटरनेट सेवा शुरू की जाएगी। इस कदम से नागरिकों को ऑनलाइन शासकीय सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होगी और उनके समय की भी बचत होगी। महापौर ने इस मांग को स्वीकार करते हुए जल्द कार्यवाही का भरोसा दिया है।
नालासोपारा से तहसीलदार कार्यालय तक चलेगी नई बस
नागरिकों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए नालासोपारा बस डिपो से वसई तहसीलदार कार्यालय तक सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग भी रखी गई। रूचिता नाईक की इस मांग पर महापौर अजीव पाटील ने सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
सोपारा में जलभराव की समस्या के समाधान पर जोर
बैठक के दौरान सोपारा गांव की जामा मस्जिद क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या को भी उठाया गया। इस समस्या से निपटने के लिए संकरे नाले का चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण करने की मांग की गई। महापौर ने जलभराव सहित तीनों ही मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
इस बैठक के दौरान दानिश करारी, महेश निकम और जया गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







