विरार: वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत वालीव पुलिस स्टेशन की अपराध प्रकटीकरण शाखा (Crime Detection Cell) को वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी की 5 वारदातों की गुत्थी सुलझ गई है।
रेंज ऑफिस सर्कल से चोरी हुई थी बाइक
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि वसई पूर्व के रहने वाले एक व्यक्ति की बजाज कंपनी की मोटरसाइकिल रेंज ऑफिस सर्कल स्थित एक इंश्योरेंस सेंटर के बाहर से चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर वालीव पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
तकनीकी जांच से जाल में फंसे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों (Technical Surveillance) और गुप्त मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार संदिग्धों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान:
- धीरज रमाकांत यादव
- अंकित सुनील
- अजय दुग्धर यादव
- गोलू रामनयन मौर्य
के रूप में हुई है। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई इलाकों में वाहन चोरी की बात स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
वालीव और पेल्हार पुलिस स्टेशन के मामले सुलझे
पुलिस के अनुसार, इस गिरफ्तारी से वालीव और पेल्हार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के कुल 5 अलग-अलग मामलों का एक साथ खुलासा हुआ है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर, सहायक पुलिस आयुक्त नितीन गीते और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिलीप युगे के मार्गदर्शन में वालीव पुलिस की क्राइम टीम ने अंजाम दी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह का नेटवर्क कहाँ-कहाँ फैला है और क्या इन्होंने अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है।










