विरार पूर्व के बरफपाड़ा क्षेत्र स्थित जंगल में अवैध रूप से चल रही देसी शराब निर्माण भट्ठी पर पुलिस ने कार्रवाई की है। अमली पदार्थ विरोधी कक्ष-2 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर भट्ठी को नष्ट कर दिया और आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 3 जून 2026 को अमली पदार्थ विरोधी कक्ष-2 की टीम ने विरार पुलिस थाना क्षेत्र के बरफपाड़ा जंगल में छापा मारा। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस को वहां अवैध देसी शराब तैयार करने की भट्ठी संचालित होती मिली।
महिला संचालित कर रही थी भट्ठी
पुलिस के अनुसार, बरफपाड़ा निवासी संगीता बाबर नामक महिला ईंटों के चूल्हे पर भट्ठी बनाकर देसी शराब तैयार कर रही थी। मौके से शराब निर्माण में उपयोग होने वाला लगभग 2150 लीटर वॉश (रसायन मिश्रण) बरामद किया गया, जिसे ड्रमों में भरा हुआ था।
2 लाख से अधिक का माल नष्ट
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों और अन्य उपकरणों को नष्ट कर दिया। जब्त एवं नष्ट किए गए माल की कुल कीमत लगभग 2 लाख 3 हजार 600 रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफल अभियान
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे, पुलिस उपायुक्त (गुन्हे) संदीप डोईफोडे तथा सहायक पुलिस आयुक्त मदन बल्लाल के मार्गदर्शन में की गई। अमली पदार्थ विरोधी कक्ष-2 की टीम ने इस अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
मामला दर्ज, जांच जारी
इस संबंध में आरोपी महिला के खिलाफ विरार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।







