विरार: नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और महिला सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बहुजन विकास आघाड़ी (BVA) की नगरसेविका मीनू धनंजय झा ने एक अनूठी पहल की है। रक्षाबंधन के पावन पर्व के ठीक अगले दिन उन्होंने अपने प्रभाग (फूलपाड़ा, प्रभाग क्रमांक 7-ब) के अंतर्गत आने वाले विभिन्न बीयर शॉप संचालकों और प्रबंधकों को राखी बांधी।
उपहार में नहीं, ‘वचन’ में मांगी सुरक्षा

नगरसेविका मीनू झा ने दुकान संचालकों से किसी भी प्रकार के व्यक्तिगत या भौतिक उपहार के स्थान पर एक सामाजिक ‘रिटर्न गिफ्ट’ मांगा। उन्होंने संचालकों से वचन लिया कि:
- किसी भी नाबालिग या कम उम्र के युवाओं को बीयर अथवा शराब नहीं बेची जाएगी।
- दुकानों के आसपास महिलाओं की सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा और छेड़छाड़ या अभद्रता जैसी घटनाओं पर सख्त रोक लगाई जाएगी।

बीयर शॉप संचालकों को सौंपा आधिकारिक निवेदन पत्र
राखी बांधने के साथ ही नगरसेविका ने सभी संचालकों को एक लिखित निवेदन पत्र भी सौंपा। इस पत्र के माध्यम से उनसे सरकारी नियमों का सख्ती से पालन करने, निर्धारित समय पर ही दुकानें संचालित करने और सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले तत्वों पर नियंत्रण लगाने का आग्रह किया गया।
पुलिस प्रशासन से चर्चा के बाद उठाया कदम

इस संबंध में नगरसेविका ने विरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक एल.एम. तुरे से विस्तृत चर्चा की थी। पुलिस प्रशासन ने सलाह दी थी कि शुरुआत में दुकानदारों को जागरूक कर नियमों की जानकारी दी जाए, और यदि इसके बाद भी उल्लंघन जारी रहता है, तो पुलिस द्वारा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगरसेविका ने कहा कि “राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि सुरक्षा और जिम्मेदारी का संदेश है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा।








