विरार: वसई-विरार क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के सघन अभियान के बीच विरार पश्चिम के आगाशी रोड क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और फफूंदी लगे नूडल्स सड़क किनारे फेंके जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
सड़क पर बिखरा मिला एक्सपायर्ड और खराब सामान

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, सड़क किनारे सैकड़ों बटर के पैकेट, दिसंबर 2025 में एक्सपायर हो चुकी खाद्य सामग्री और फफूंदी लगे नूडल्स खुले में पड़े मिले। नागरिकों का कहना है कि इस खराब सामग्री के संपर्क में आने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। साथ ही, आवारा पशुओं जैसे गाय, भैंस और कुत्तों के इसे खाने से उनकी जान को भी खतरा है।
FDA छापों के डर से फेंकी गई सामग्री?

सूत्रों की मानें तो हाल के दिनों में FDA ने क्षेत्र के कई होटलों, गोदामों और खाद्य विक्रेताओं पर छापेमारी की है। इसी कार्रवाई के डर से व्यापारियों ने खराब और एक्सपायर्ड सामग्री को चोरी-छिपे सड़क किनारे फेंक दिया। नागरिकों ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
छोटे विक्रेताओं पर भी नजर रखने की मांग

इस मामले पर भाजपा नेता राजन सिंह ने FDA की कार्रवाई का स्वागत करते हुए सख्त जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई सिर्फ बड़े प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सड़क किनारे बिना स्वच्छता मानकों के खाना बेचने वाले छोटे स्टॉल, टपरियों, सैंडविच और वड़ा पाव विक्रेताओं की भी नियमित जांच होनी चाहिए।

राजन सिंह ने कहा, “FDA द्वारा चलाया जा रहा अभियान जनहित में है और इसका स्वागत किया जाना चाहिए। लेकिन आम नागरिकों की सेहत को ध्यान में रखते हुए बड़े प्रतिष्ठानों के साथ-साथ छोटे खाद्य विक्रेताओं की भी नियमित जांच होनी चाहिए। खाद्य सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।”







