विरार: साइबर क्राइम और सोशल मीडिया के जरिए युवतियों को प्रताड़ित करने का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। विरार पूर्व में एक 19 वर्षीय युवती की तस्वीरों को एडिट (मॉर्फ) कर अश्लील रूप देने और फिर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज किया गया है। विरार पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बहन को फोन कर मांगी रंगदारी, बनाई फर्जी आईडी
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती विरार पूर्व के साईनाथ नगर स्थित साई अपार्टमेंट की रहने वाली है। आरोपी ने पीड़िता की इंस्टाग्राम प्रोफाइल से तस्वीरें चुराकर उन्हें मॉर्फ किया और अश्लील रूप दे दिया। इसके बाद शातिर आरोपी ने पीड़िता की बहन को फोन कर धमकी दी कि यदि उन्हें पैसे नहीं दिए गए, तो ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी।
धमकी के बाद जब पीड़िता ने इंस्टाग्राम पर जांच की, तो उसके होश उड़ गए। आरोपी ने पीड़िता के नाम और फोटो का इस्तेमाल करके एक फर्जी अकाउंट (Fake Account) बना रखा था और उस पर मॉर्फ की गई अश्लील तस्वीरें अपलोड कर दी थीं। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती को बदनाम करने की नीयत से ये तस्वीरें उसके दोस्तों और परिचितों को भी भेज दीं।
बीएनएस (BNS) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
साइबर उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग से परेशान पीड़िता ने तुरंत विरार पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। विरार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78, 79, 356(2), 351(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act), 2000 की धारा 66(E) व 67(C) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।
पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








