विरार (विशेष संवाददाता): पर्यावरण संतुलन और हरित वसई-विरार के संकल्प के साथ विरार के ऐतिहासिक श्री जीवदानी मंदिर परिसर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस विशेष मुहिम में श्री जीवदानी देवस्थान ट्रस्ट के साथ वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVMC), वन विभाग, पुलिस प्रशासन, स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों ने एक साथ मिलकर अपनी सहभागिता निभाई।
पौधों के संवर्धन के लिए ड्रिप और स्प्रिंकलर प्रणाली
जीवदानी मंदिर के पायथा (तलहटी) क्षेत्र में आयोजित इस अभियान के दौरान सैकड़ों छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। इस वर्ष के कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहकर उनके संरक्षण का मजबूत खाका तैयार किया गया है। पौधों को नियमित पानी और पोषण मिलता रहे, इसके लिए परिसर में ड्रिप (ठिबक) सिंचाई और स्प्रिंकलर तकनीक स्थापित की गई है।
संरक्षण हमारी पहली प्राथमिकता: प्रदीप तेंडुलकर
श्री जीवदानी देवस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप तेंडुलकर ने बताया कि वन विभाग, पुलिस प्रशासन, मनपा और शैक्षणिक संस्थानों के समन्वय से हर वर्ष यह हरित पहल की जाती है। उन्होंने जोर देकर कहा, “केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें एक वृक्ष के रूप में जीवित रखना सबसे ज्यादा जरूरी है। इसी सोच के साथ इस बार उन्नत सिंचाई और नियमित देखभाल की ठोस व्यवस्था की गई है।”
प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य रहे मौजूद
इस अवसर पर बहुजन विकास आघाड़ी (बविआ) के वरिष्ठ नेता काशीनाथ पाटील, विरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक लालू तुरे सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी, समाजसेवी और स्कूली छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आए हुए सभी गणमान्य व्यक्तियों ने आम नागरिकों से भी अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।








