---Advertisement---

विरार: बारिश में पापड़खिंड पहाड़ पर फंसे दो ट्रेकर्स की जान बचाई, पुलिस और स्थानीय लोगों ने रचा इतिहास |

July 5, 2026 12:29 PM
---Advertisement---

वसई: विरार पूर्व क्षेत्र के पापड़खिंड पहाड़ी पर मानसून के दौरान फंसे दो ट्रेकर्स को पुलिस और स्थानीय नागरिकों की संयुक्त टीम ने सकुशल बचा लिया है। कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। यह घटना पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों की एकता की मिसाल बनी है।

ट्रेकिंग के दौरान भटके राहगीर

जानकारी के अनुसार, विरार पश्चिम के ग्लोबल सिटी निवासी जनक मगनलाल चुडासमा (35) और धार्मिक मनसुखभाई चुडासमा (24) रविवार शाम करीब 5 बजे पापड़खिंड पहाड़ी स्थित शंकर मंदिर क्षेत्र में ट्रेकिंग के लिए गए थे। वापसी के दौरान तेज बारिश और अंधेरा होने के कारण दोनों युवक मुख्य रास्ते से भटक गए और पहाड़ी पर एक दुर्गम स्थान पर फंस गए।

परिजन की सूचना पर पुलिस हरकत में

हालात गंभीर होते देख दोनों ट्रेकर्स ने अपने रिश्तेदार भावीन योगेशभाई चावड़ा से संपर्क किया। सूचना मिलते ही भावीन ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही फुलपाड़ा बीट मार्शल की टीम तुरंत हरकत में आ गई।

मुश्किल हालातों में चला रेस्क्यू ऑपरेशन

पुलिस हवलदार नितीन उत्तेकर के नेतृत्व में सोमनाथ कासार, जय मोरे, प्रदीप शिंदे और उत्कर्ष सोनवणे की टीम ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से त्वरित बचाव अभियान शुरू किया। खराब मौसम और फिसलन भरे पहाड़ी रास्तों के बीच टीम ने करीब 2 किलोमीटर तक पैदल चढ़ाई कर दोनों युवकों की तलाश की।

5 घंटे की मशक्कत के बाद मिली सफलता

लगातार 4 से 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय युवाओं की टीम दोनों फंसे हुए ट्रेकर्स तक पहुंचने में सफल रही। रात करीब 10 बजे दोनों युवकों को सुरक्षित पहाड़ी से नीचे लाया गया। रेस्क्यू के बाद दोनों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। इस साहसिक कार्य के लिए पुलिस टीम और स्थानीय नागरिकों की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment