विरार। बदलते पर्यावरण और जलवायु के प्रभाव को देखते हुए आज के समय में वृक्षारोपण के साथ-साथ पेड़ों का संरक्षण करना सबसे बड़ी जरूरत बन गया है। यह बात वसई-विरार महानगरपालिका के प्रथम महापौर राजीव पाटील ने कही। वे विरार में राज वसंत पाटील के जन्मदिन पर आयोजित एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
पेड़ों को जीवित रखना समय की बड़ी जरूरत

राजीव पाटील ने कहा कि केवल पौधे लगाना काफी नहीं है, बल्कि उन्हें जीवित रखना और उनकी देखभाल करना प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने जन्मदिन पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी लें। इस दौरान उन्होंने राज वसंत पाटील की पर्यावरण बचाने की सोच और इस पहल की सराहना की।
स्वास्थ्य शिविर का हुआ उद्घाटन

6 जून को राज वसंत पाटील का जन्मदिन सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के रूप में मनाया गया। इस मौके पर सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक क्षेत्र की कई हस्तियों ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। राजीव पाटील के हाथों राज पाटील द्वारा आयोजित एक भव्य स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया।
लगाया गया जनसेवा कैम्प
जन्मदिन के अवसर पर जनसेवा मित्र मंडल और विठ्ठलवाड़ी मित्र मंडल के सहयोग से विरार पूर्व में राज पाटील के कार्यालय पर एक विशेष जनसेवा कैम्प का आयोजन किया गया। इसमें नागरिकों को नए मतदाता पंजीकरण, आयुष्मान भारत कार्ड, वरिष्ठ नागरिक कार्ड, आधार कार्ड में सुधार और बच्चों के नए आधार कार्ड बनाने जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। सैकड़ों नागरिकों ने इन सेवाओं का लाभ उठाया।
जनसेवा का बना उत्सव
दिन भर चले इन कार्यक्रमों और वृक्षारोपण अभियान में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। राज वसंत पाटील का यह जन्मदिन एक सामाजिक संदेश और जनसेवा के उत्सव के रूप में लोगों के बीच विशेष पहचान बनकर उभरा।







