---Advertisement---

वसई-विरार महानगरपालिका: स्वास्थ्य समिति की बैठक का भाजपा पार्षदों ने किया बहिष्कार, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप |

July 1, 2026 3:51 AM
---Advertisement---

विरार। वसई-विरार महानगरपालिका की स्वास्थ्य समिति की हालिया बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षदों ने प्रशासन के कथित लापरवाह रवैये के विरोध में सख्त रुख अपनाया। भाजपा पार्षद हितेश जाधव, योगिता करंजकर और विशाल जाधव ने बैठक का बहिष्कार करते हुए वॉकआउट किया। पार्षदों ने प्रशासन पर नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को गंभीरता से न लेने के आरोप लगाए हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल

बैठक के दौरान नगर सचिव, अतिरिक्त आयुक्त और उपायुक्त जैसे प्रमुख अधिकारी अनुपस्थित थे। केवल स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग के कुछ अधिकारी ही मौजूद रहे। पार्षदों ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों की गैरमौजूदगी से स्पष्ट जाहिर होता है कि प्रशासन स्वास्थ्य मुद्दों को कितनी गंभीरता से ले रहा है।

बिना एजेंडा और जानकारी के पारित किए जा रहे थे प्रस्ताव

बैठक में कुल छह विषयों पर चर्चा प्रस्तावित थी। पार्षदों ने आरोप लगाया कि किसी भी विषय का विस्तृत एजेंडा पहले से सदस्यों को उपलब्ध नहीं कराया गया था। पिछली बैठक की कार्यवाही (मिनट्स) की प्रति बैठक के दौरान ही सदस्यों को दी गई और उसे तुरंत मंजूर कराने का प्रयास किया गया। सदस्यों के विरोध के बाद इस विषय को स्थगित कर दिया गया।
इसके अलावा, निजी अस्पतालों को जारी सी-फॉर्म, आचोले और जूचंद्र स्थित अस्पतालों के निर्माण कार्य और अतिरिक्त मानवबल की भर्ती जैसे अहम मुद्दों पर भी संबंधित अधिकारियों के पास सही जानकारी नहीं थी। स्थायी समिति से मंजूर हो चुके मानवबल के प्रस्ताव को दोबारा लाने पर भी पार्षदों ने आपत्ति जताई। जानकारी के अभाव में इन सभी मामलों को स्थगित करना पड़ा।

पारदर्शी बैठकों की उठाई मांग

वॉकआउट के बाद भाजपा पार्षद हितेश जाधव ने कहा कि स्वास्थ्य समिति के सभापति का पद एक वैधानिक पद है और समिति के सदस्यों का सम्मान बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि भविष्य में जब तक सभी वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं होते और सदस्यों को बैठक से पहले सभी विषयों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जाती, तब तक ऐसी बैठकें आयोजित नहीं की जानी चाहिए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment