
विरार : नए विरार पुलिस स्टेशन को स्थापित हुए शनिवार को एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पुलिस स्टेशन परिसर में स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस मित्रों ने एकत्र होकर पुलिस स्टेशन की पहली वर्षगांठ उत्साहपूर्वक मनाई।
:- इनकी रही समारोह में उपस्थिति
समारोह में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक एल. एम. तुरे, क्राइम पुलिस निरीक्षक सुरेश गायकवाड़, पुलिस निरीक्षक प्रतापराव कदम तथा पुलिस उपनिरीक्षक ज्ञानेश्वर कोकाटे सहित पुलिस स्टेशन के अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस मित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग द्वारा पिछले एक वर्ष में किए गए उल्लेखनीय कार्यों, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों को बेहतर सुरक्षा और सेवा प्रदान करने के प्रयासों पर प्रकाश डाला गया।अधिकारियों ने कहा कि नए विरार पुलिस स्टेशन ने अल्प अवधि में ही नागरिकों का विश्वास जीतने का कार्य किया है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में पुलिस मित्रों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस अवसर पर सभी ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और जनसहभागिता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।पुलिस स्टेशन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्थापना दिवस की खुशी एक-दूसरे के साथ साझा की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।





