मुंबई के मीरा रोड इलाके में पुलिस ने एक ऑर्केस्ट्रा बार पर बड़ी कार्रवाई की है। एमबीवीवी पुलिस आयुक्तालय की टीम ने काशीगांव थाना क्षेत्र में चल रहे ‘सी क्वीन पैलेस’ ऑर्केस्ट्रा बार पर छापा मारा है। इस दौरान पुलिस ने बार में बंधक बनाकर रखी गई 12 महिलाओं को मुक्त कराया है।
डीसीपी के नेतृत्व में चली कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, यह छापेमारी मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर दाराज ढाबा के सामने स्थित बार पर की गई। परिमंडल-1 के डीसीपी राहुल चव्हाण के निर्देशन में यह पूरा ऑपरेशन चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बार में काम करने वाले एक कैशियर और आठ वेटरों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
बार मालिक और मैनेजर फरार, भारी मात्रा में शराब जब्त

गिरफ्तार कर्मचारियों के अलावा बार का मुख्य संचालक और मैनेजर पुलिस की पकड़ से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी की भनक लगते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से 50 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं। बार में अवैध रूप से रखा गया व्हिस्की और बीयर का बड़ा स्टॉक भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
मामला दर्ज, फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल फरार बार मालिक और मैनेजर की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और आगे की जांच जारी है।





