---Advertisement---

वसई के बिजली संकट पर विधानसभा में गूंजा मुद्दा, विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने सरकार से की त्वरित कार्रवाई की मांग

June 29, 2026 8:17 AM
---Advertisement---

मुंबई | 29 जून 2026

वसई विधानसभा क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से जारी बिजली संकट का मुद्दा सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में प्रमुखता से उठाया गया। वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और ट्रांसफॉर्मर विस्फोट की घटनाओं को गंभीर बताते हुए सरकार से तत्काल और स्थायी समाधान की मांग की।विधायक ने सदन में कहा कि मानसून शुरू होते ही वसई तालुका में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। दिनभर कई बार बिजली गुल होने से आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारी, छोटे उद्योग और औद्योगिक इकाइयाँ भी परेशान हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में खोपवाड़ी, माणिकपुर, साईनगर और पाचूबंदर क्षेत्रों में तीन से चार ट्रांसफॉर्मर विस्फोट की घटनाएं हुईं, जिनमें महावितरण के कर्मचारी और कुछ नागरिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि पोमण औद्योगिक क्षेत्र में एक ही दिन में 22 बार बिजली ट्रिप होने से लघु एवं मध्यम उद्योगों का उत्पादन प्रभावित हुआ और उद्यमियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।स्नेहा दुबे पंडित ने महावितरण की बिजली वितरण व्यवस्था में गंभीर खामियों का आरोप लगाते हुए कहा कि मानसून से पहले आवश्यक रखरखाव, जर्जर विद्युत लाइनों की मरम्मत, ओवरलोड ट्रांसफॉर्मरों का प्रतिस्थापन और अन्य निवारक कार्य समय पर नहीं किए गए, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।उन्होंने सरकार से वसई की बिजली वितरण व्यवस्था को युद्धस्तर पर मजबूत करने, जर्जर ट्रांसफॉर्मर और विद्युत लाइनों को तत्काल बदलने, आवश्यक निधि उपलब्ध कराने तथा रखरखाव कार्यों की जवाबदेही तय करने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि वसई के नागरिकों, व्यापारियों और उद्योगों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment