मनवेलपाडा समेत कई इलाकों की समस्याओं पर हुआ मंथन

विरार, (Ralivenews), विरार पूर्व के मनवेलपाडा, कारगिल नगर, संत नगर, नानानाणी पार्क और विरार स्टेशन रोड क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली समस्याओं के समाधान के लिए गुरुवार, 4 जून 2026 को विधायक राजन नाईक के नेतृत्व में महावितरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में महावितरण के वसई-विरार शहर अधीक्षक अभियंता मानिक राठोड, कार्यकारी अभियंता उमेश लेले, अतिरिक्त अभियंता ईश्वर भारती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं भाजपा के वार्ड क्रमांक 6 के नगरसेवक नारायण मांजरेकर, हितेश जाधव, राहुल पवार, संदेश पाटील, अरविंद राय तथा अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।

बढ़ती आबादी और बिजली मांग बनी बड़ी चुनौती
बैठक के दौरान क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या, नए आवासीय प्रकल्पों के कारण बढ़ी बिजली मांग और अपर्याप्त बिजली ढांचे के चलते उत्पन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। नागरिकों को बार-बार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, फॉल्ट और अन्य तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
स्वतंत्र सब-स्टेशन और RMU की उठी मांग

नगरसेवक नारायण मांजरेकर और हितेश जाधव ने मनवेलपाडा क्षेत्र के लिए स्वतंत्र बिजली उपकेंद्र (सब-स्टेशन) स्थापित करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर युद्धस्तर पर पूर्ण करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य की बढ़ती बिजली जरूरतों को देखते हुए स्वतंत्र उपकेंद्र ही स्थायी समाधान साबित होगा।इसके साथ ही नागरिकों को तत्काल राहत देने के लिए आरएमयू (रिंग मेन यूनिट) स्थापित करने की मांग भी रखी गई। उनका कहना था कि आरएमयू लगने से क्षेत्र की लगभग 50 से 60 प्रतिशत बिजली समस्याओं में सुधार संभव है।
22 केवी फीडर पर बढ़ा भार, तकनीकी उपायों की मांग
अधिकारियों का ध्यान इस ओर भी दिलाया गया कि मनवेलपाडा क्षेत्र को बिजली आपूर्ति करने वाला 22 केवी फीडर क्षमता से अधिक भार वहन कर रहा है, जिसके कारण बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं। इसलिए फीडर पर भार कम करने के लिए त्वरित तकनीकी उपाय करने की मांग की गई।

विरार पूर्व को प्राथमिकता से बिजली देने की मांग
बैठक में विरार पूर्व क्षेत्र में बिजली संकट को देखते हुए चंदनसार से अर्नाला की ओर मोड़ी गई कुछ बिजली आपूर्ति का पुनर्नियोजन कर विरार पूर्व के नागरिकों को प्राथमिकता देने की मांग भी उठाई गई।
ट्रांसफॉर्मरों की सुरक्षा और खराब उपकरण बदलने पर जोर
इसके अलावा कई ट्रांसफॉर्मरों के आसपास फेरीवालों के व्यवसाय करने से सुरक्षा जोखिम बढ़ने पर चिंता व्यक्त की गई। अधिकारियों से ऐसे स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने, खराब मिनी पिलरों को तत्काल बदलने तथा जिन ट्रांसफॉर्मरों पर सुरक्षा जालियां नहीं लगी हैं वहां शीघ्र सुरक्षात्मक व्यवस्था करने की मांग की गई, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना और जनहानि को रोका जा सके।
अधिकारियों ने दिया सकारात्मक आश्वासन
महावितरण अधिकारियों ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करने और आवश्यक तकनीकी उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का आश्वासन दिया।





