शनि मंदिर के पास हुआ हादसा

नालासोपारा/विरार: नालासोपारा-विरार लिंक रोड पर शनिवार को शनि मंदिर के पास दो कारों के बीच हुई जोरदार टक्कर में पुलिस अधिकारी समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ह्युंदई वेन्यू (Venue) कार विरार की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी आई-20 (i20) कार नालासोपारा की तरफ से मोड़ ले रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।

एक की हालत चिंताजनक
हादसे में पुलिस अधिकारी एपीआई पोर्बे और एमएसएफ जवान लोंडे को मामूली चोटें आई हैं। वहीं, आई-20 कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।





