वसई-विरार। नालासोपारा पश्चिम स्थित गौशाला पर प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में रविवार को वसई-विरार शहर महानगरपालिका यानी वीवीएमसी मुख्यालय पर एक विशाल मोर्चा निकाला गया। समस्त हिंदू संगठन, वसई-विरार के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन में हजारों की संख्या में नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
मोर्चे की शुरुआत और मांगें
मोर्चे की शुरुआत नालासोपारा पश्चिम के यशवंत गौरव परिसर से हुई। प्रदर्शनकारियों ने गौशाला पर हुई कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान गोमाता के संरक्षण और गौशाला को सुरक्षा प्रदान करने की मांग उठाई गई। पूरे मार्ग पर नागरिकों की भारी भीड़ देखने को मिली और लोग शांतिपूर्वक अपना विरोध जताते रहे।
प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन
आंदोलन में किन्नर महामंडलेश्वर स्वामी हिमांगी सखी सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि गौशालाओं के संरक्षण और गोवंश की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। मोर्चे का समापन वीवीएमसी मुख्यालय पर हुआ, जहां आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।







