---Advertisement---

अर्नाला बीच पर बड़ा हादसा: समुद्र में नहाने उतरे 4 नाबालिग डूबे, 2 को सुरक्षित निकाला गया, 2 अब भी लापता |

July 16, 2026 2:23 PM
---Advertisement---

विरार: विरार के प्रसिद्ध अर्नाला समुद्र तट पर गुरुवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया। समुद्र में नहाने उतरे चार नाबालिग लड़कों में से दो को वहां तैनात जीवरक्षक दल और होमगार्ड के जवानों ने अपनी जान पर खेलकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दो अन्य लड़के समुद्र की तेज और उफनती लहरों की चपेट में आकर लापता हो गए हैं, जिनकी तलाश में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जीवरक्षकों की चेतावनी को किया नजरअंदाज

मिली जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद साद अफसर खान (16) और मोहम्मद अब्दुल हसमुद्दीन शेख (19) को बचा लिया गया है। वहीं आयान जाकिर हुसैन मेडल (17) और शोएब (17) सुबह करीब 9:45 बजे के आसपास समुद्र तट पर पहुंचे, उस दौरान वहां तैनात जीवरक्षक दल ने उन्हें खतरे को देखते हुए समुद्र के गहरे पानी में न उतरने की सख्त चेतावनी दी थी। इसके बावजूद, बच्चों ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया और दोबारा समुद्र में चले गए। कुछ ही देर में जब बच्चे डूबने लगे और उनकी चीख-पुकार सुनाई दी, तो मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों और होमगार्ड के जवानों ने तुरंत समुद्र में छलांग लगा दी।

दो बच्चों को मिला जीवनदान, युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी

कुछ ही देर बाद समुद्र से मदद के लिए चीख-पुकार सुनाई दी। आवाज सुनते ही पुलिस और होमगार्ड जवानों ने तत्काल समुद्र में छलांग लगाई और दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन तेज लहरों के कारण आयान और शोएब गहरे समुद्र में बह गए।गौरतलब है कि मानसून के दौरान समुद्र में उतरने पर 30 सितंबर तक प्रतिबंध लगाया गया है। अर्नाला सागरी पुलिस द्वारा समुद्र तट पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद निर्देशों की अनदेखी करने से यह हादसा होने की जानकारी सामने आई है।फिलहाल लाइफगार्ड, सर्फ क्लब, अग्निशमन दल और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लापता दोनों युवकों की तलाश लगातार जारी है।

प्रशासन की पर्यटकों से सख्त अपील

इस दुखद हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से एक बार फिर भावुक और सख्त अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि समुद्र तट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों और नियमों का पूरी तरह पालन करें। ज्वार-भाटे या तेज लहरों के समय पुलिस की चेतावनियों को बिल्कुल भी हल्के में न लें, ताकि ऐसी अप्रिय और दिल दहला देने वाली घटनाओं को रोका जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment