DFCC परियोजना से प्रभावित हुआ धानीव तालाब
वसई: महाराष्ट्र के वन मंत्री और पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक ने शुक्रवार को वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के धानीव तालाब और उसके आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। यह तालाब डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर यानी DFCC रेल परियोजना से सीधे तौर पर प्रभावित है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने परियोजना के कारण इलाके में आई बदलावों और समस्याओं को करीब से देखा।
नगरसेवक पंकज पाटील ने रखीं स्थानीय समस्याएं
इस दौरान नगरसेवक पंकज दादा पाटील भी मौजूद रहे। उन्होंने मंत्री गणेश नाईक को DFCC रेल परियोजना के कारण धानीव तालाब और आसपास के क्षेत्र में आई समस्याओं की पूरी जानकारी दी। नगरसेवक ने बताया कि रेल कॉरिडोर के काम के चलते तालाब की स्थिति खराब हुई है, जिसका सीधा असर यहां रहने वाले स्थानीय नागरिकों पर पड़ रहा है। इसके अलावा उन्होंने इलाके की अन्य जरूरी समस्याओं से भी मंत्री को अवगत कराया।
अधिकारियों को तत्काल राहत और कार्रवाई के निर्देश
स्थानीय नागरिकों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए वन मंत्री गणेश नाईक ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने पालघर जिला प्रशासन और वसई-विरार महानगरपालिका के आयुक्त को मौके पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे प्रभावित नागरिकों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाएं और धानीव तालाब समेत आसपास के इलाकों की समस्याओं को सुलझाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।





