---Advertisement---

नालासोपारा में अवैध बाजार के चलते एम्बुलेंस 20 मिनट तक फंसी, प्रशासन पर उठे सवाल |

June 22, 2026 2:36 PM
---Advertisement---

नालासोपारा: नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर से ओसवाल नगरी परिसर तक लगने वाले कथित अवैध साप्ताहिक बाजार के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इस लापरवाही का गंभीर परिणाम तब सामने आया, जब भारी भीड़ और जाम के बीच एक एम्बुलेंस करीब 20 मिनट तक फंसी रही। मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस के समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाने की घटना ने स्थानीय नागरिकों में रोष पैदा कर दिया है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

साप्ताहिक बाजार से जाम की समस्या

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, साप्ताहिक बाजार के दिन सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में अस्थायी दुकानें सज जाती हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाती है। खरीदारों की भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण पूरे इलाके में लंबा जाम लग जाता है। ऐसे हालात में एम्बुलेंस, दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को रास्ता नहीं मिल पाता।

प्रशासन पर अनदेखी के आरोप

निवासियों का कहना है कि यदि किसी इमारत में आग लग जाए या किसी व्यक्ति को तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता हो, तो राहत एवं बचाव दल का समय पर पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाएगा। नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

शहरभर में यातायात प्रभावित

स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल नालासोपारा ही नहीं, बल्कि वसई-विरार शहर के विभिन्न हिस्सों में सप्ताह के अलग-अलग दिनों में बड़े पैमाने पर साप्ताहिक बाजार लगाए जाते हैं। इनमें सोमवार को फूलपाड़ा बाजार, मंगलवार को जकात नाका-बोलिंज बाजार, बुधवार को अग्रवाल ग्लोबल परिसर के पास विरार पश्चिम बाजार, गुरुवार को नीले गांव नालासोपारा पश्चिम बाजार तथा शुक्रवार को कुंभारपाड़ा और बर्फपाड़ा क्षेत्रों में बाजार लगते हैं। इन बाजारों के दौरान कई इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।

क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार?

एम्बुलेंस के 20 मिनट तक जाम में फंसे रहने की घटना के बाद क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई है कि यदि भविष्य में कोई गंभीर आपातकालीन स्थिति उत्पन्न हुई तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। नागरिकों ने वसई-विरार महानगरपालिका और स्थानीय पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था सुचारु करने तथा अवैध रूप से लगने वाले बाजारों पर नियंत्रण की मांग की है।

स्थानीय निवासी का बयान

स्थानीय निवासी शिव शंकर शुक्ला ने कहा, “हम इस अवैध बाजार और इससे होने वाली ट्रैफिक समस्या को लेकर कई बार मनपा और पुलिस प्रशासन से लिखित शिकायत कर चुके हैं। लेकिन हर बार हमारी शिकायतों को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। ऐसा लगता है कि प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।”

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment