मुंबई। दहिसर-बोरिवली क्षेत्र के भाजपा वॉर्ड अध्यक्ष सूरज प्रतापसिंह देवड़ा के खिलाफ एक युवती ने यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने विवाह का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के मुताबिक, देवड़ा ने स्वयं को अविवाहित बताया, जबकि वह विवाहित है।
विवाह का झांसा और वैवाहिक स्थिति छिपाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर उसे धोखे में रखा। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि एक बार युवती पर 50-50 हजार रुपये के नोट उड़ाए गए और बाद में उससे लाखों रुपये वसूले गए। इसके अलावा, युवती ने आरोपी पर हथियार दिखाकर धमकाने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
अनेक युवतियों के शिकार होने का दावा
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह इस मामले में अकेली नहीं है, बल्कि कई अन्य युवतियां भी कथित तौर पर आरोपी के शोषण का शिकार हुई हैं। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस आयुक्त का सख्त एक्शन, क्राइम ब्रांच को सौंपी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने इसका संज्ञान लिया है। पुलिस के अनुसार, दहिसर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। फिलहाल क्राइम ब्रांच की टीम मामले की बारीकी से जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।







