मुंबई: मुंबई पुलिस ने नागरिकों को बेहतर और अधिक प्रभावी सेवाएं देने के लिए एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। पुलिस ने आज से डीसीपी पूर्व परिमंडल-02 और डीसीपी उत्तर परिमंडल-01 के नए कार्यालयों को औपचारिक रूप से कार्यान्वित कर दिया है। इस कदम का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग को नागरिक-केंद्रित बनाना और विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय को मजबूत करना है।
पूर्व परिमंडल-02 के अंतर्गत ये थाने
डीसीपी पूर्व परिमंडल-02 के नए कार्यालय के क्षेत्राधिकार में अब नेहरू नगर, चुनाभट्टी, वी.बी. नगर, घाटकोपर, पंतनगर और टिलक नगर पुलिस स्टेशन शामिल होंगे। पुलिस के अनुसार, असल्फा पुलिस स्टेशन को भी जल्द ही इसी परिमंडल के तहत पूर्ण रूप से शामिल कर लिया जाएगा।

उत्तर परिमंडल-01 के अंतर्गत ये थाने
वहीं, डीसीपी उत्तर परिमंडल-01 के अंतर्गत वर्सोवा, आंबोली, ओशिवरा, बांगुर नगर, गोरेगांव और मालाड पुलिस स्टेशन शामिल किए गए हैं। ये नए कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, जिससे पुलिसिंग सिस्टम और भी सुदृढ़ होगा।
नागरिकों को मिलेगी बेहतर और तेज सेवा

मुंबई पुलिस का मानना है कि इन नए कार्यालयों के शुरू होने से शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी। पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ेगी और नागरिकों को अधिक सुलभ तरीके से पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी। इस पहल को जनहित और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।






