---Advertisement---

नालासोपारा में पैकिंग मशीन में फंसा 13 वर्षीय बाल मजदूर का हाथ, चार उंगलियां कटीं |

June 10, 2026 1:19 PM
---Advertisement---

नालासोपारा पूर्व के पेल्हार औद्योगिक क्षेत्र में एक गंभीर हादसा सामने आया है। यहां एक पैकिंग मशीन में 13 वर्षीय बाल मजदूर का हाथ फंस गया, जिससे उसकी चार उंगलियां कट गईं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में कंपनी के मालिक और मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

पैकिंग मशीन में फंसा हाथ

पुलिस ने बताया कि घायल बालक की पहचान अंश शिवपूजन भारती के रूप में हुई है। वह पेल्हार स्थित एस.एच. होम कंपनी में काम करता था। 2 जून 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह पैकिंग मशीन पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसका हाथ अचानक मशीन में फंस गया। मशीन के दबाव से उसके हाथ की चार उंगलियां कट गईं। हादसे के बाद घायल अंश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

नाबालिग को खतरनाक मशीन पर लगाया था

जांच में सामने आया है कि कंपनी प्रबंधन ने कानून का उल्लंघन करते हुए एक नाबालिग बच्चे को काम पर रखा था। इसके अलावा उससे खतरनाक मशीन पर काम भी कराया जा रहा था। पुलिस हवलदार दीपक अंबादास शेलके की शिकायत पर कंपनी मालिक और मैनेजर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(बी), बाल श्रम निषेध एवं विनियमन अधिनियम 1986 की धारा 14 और फैक्ट्री अधिनियम 1948 की धारा 67 के तहत केस दर्ज किया गया है।

बाल मजदूरी पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि वसई-विरार के पेल्हार, वालिव, नवघर और सातीवली औद्योगिक क्षेत्रों में कई छोटे कारखानों में गुप्त रूप से बाल मजदूरों से काम कराया जा रहा है। लोग मांग कर रहे हैं कि श्रम विभाग और पुलिस प्रशासन द्वारा नियमित छापेमारी की जाए। इस मामले में जांच जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment