नालासोपारा में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ अपना शिकंजा कस दिया है। FDA की टीमों ने पान दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी कर अवैध गुटखा कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है।
वसई तालुका में 7-8 विशेष टीमें तैनात
मिली जानकारी के अनुसार, वसई तालुका क्षेत्र में गुटखा बिक्री की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए FDA ने 7 से 8 विशेष टीमें मैदान में उतारी हैं। बुधवार को की गई ताबड़तोड़ छापेमारी के दौरान 4 से 5 दुकानों से भारी मात्रा में गुटखा और प्रतिबंधित सुगंधित सुपारी जब्त की गई। नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने वाली इन दुकानों को अधिकारियों ने मौके पर ही सील कर दिया।
गुजरात से होने वाली तस्करी पर कड़ी नजर
केवल दुकानों पर ही नहीं, बल्कि गुटखा की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए भी FDA ने कमर कस ली है। गुजरात से आने वाले संभावित गुटखा परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए टोल नाकों पर विशेष निगरानी पथक तैनात किए गए हैं, ताकि अवैध तस्करी को जड़ से खत्म किया जा सके।
आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
इस पूरे अभियान को लेकर अन्न सुरक्षा अधिकारी गौरी जयसिंगपुरे ने स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ यह मुहिम आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी दुकानदार या कारोबारी नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







