पालघर: पालघर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से वाणगांव में SIR (BLA-2) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकुर के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, BLA-2 प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर विस्तृत चर्चा

शिविर के दौरान स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) 2026 के तहत मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण पर चर्चा हुई। प्रतिनिधियों को मतदाता पंजीकरण, सत्यापन प्रक्रिया और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी दी गई। इसके साथ ही आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के तरीकों पर भी मंथन किया गया।
लोकतंत्र की नींव है मतदाता सूची

इस मौके पर जिला अध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूत नींव है। उनका मानना है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना जरूरी है। उन्होंने सभी BLA और कार्यकर्ताओं से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
शिविर में कोकण विभाग SIR समिति के पर्यवेक्षक मनीष गणोरे, प्रदेश महासचिव योगेश नम और कार्यक्रम संचालक सुरेंद्र शेट्टी समेत जिला कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।





