पालघर जिले में हाल ही में हुई भारी बारिश (अतिवृष्टि) के चलते बोईसर विधानसभा क्षेत्र के कई प्रमुख और ग्रामीण संपर्क मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सड़कों पर बने जानलेवा गड्ढों के कारण ग्रामीणों और वाहन चालकों की बढ़ती दिक्कतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक विलास तरे ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक विभागों को युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य चलाकर सड़कों को तुरंत गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
सड़कों की स्थिति पर समीक्षा बैठक, अधिकारियों की लगाई क्लास पालघर स्थित सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के विश्रामगृह में विधायक विलास तरे की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग, जिला परिषद, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आने वाले सभी सड़क नेटवर्क की स्थिति का जायजा लिया गया।

इन प्रमुख मार्गों की हुई समीक्षा; तरे बोले- नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता बैठक के दौरान भालीवली-आडणे-वडघर-कलभोण, सायवन-मेढे, दुर्वेश-आंबूर और चहाडे-तांदुळवाडी जैसे व्यस्त ग्रामीण रास्तों के गड्ढों पर प्रमुखता से चर्चा हुई। विधायक तरे ने स्पष्ट किया:
- लगातार बारिश से पालघर और वसई तालुका के कई संपर्क मार्ग टूट गए हैं, जिससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा वर्ग और वाहन चालकों की दैनिक आवाजाही प्रभावित हो रही है।
- नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है; इसलिए बिना किसी तकनीकी बहानेबाजी के तत्काल गड्ढे भरे जाएं।
- मुख्य मार्ग से कटे हुए दूर-दराज के पाड़ों (आदिवासी बस्तियों) को भी जल्द से जल्द पक्की सड़क कनेक्टिविटी प्रदान की जाए।

इस समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और कार्यकारी अभियंता उपस्थित रहे, जिन्हें कार्य में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।











