पालघर: यदि आप भी इन दिनों अपना वोटर आईडी (Matदाता पहचान पत्र) कार्ड बनवा रहे हैं या उसमें सुधार करवा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। पालघर जिले में मतदाता पंजीकरण (Voter Registration) प्रक्रिया के दौरान कुछ अज्ञात साइबर ठगों द्वारा आम नागरिकों को फर्जी WhatsApp संदेश भेजकर ठगने का प्रयास किया जा रहा है। इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए पालघर जिला निर्वाचन प्रशासन ने मतदाताओं के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है और किसी भी भ्रामक संदेश पर विश्वास न करने की सख्त अपील की है।
इस तरह जाल में फंसा रहे हैं साइबर ठग
निर्वाचन प्रशासन ने फर्जी संदेशों के तौर-तरीकों का खुलासा करते हुए बताया कि ठगों द्वारा भेजे जा रहे मैसेजेस में यह झूठा दावा किया जाता है कि “आपके द्वारा मतदाता पंजीकरण के लिए जमा किए गए दस्तावेजों (Documents) की स्क्रूटनी/जांच चल रही है।” इसके बाद वेरिफिकेशन के नाम पर मैसेज में एक विशेष मोबाइल नंबर देकर उस पर तुरंत संपर्क करने के लिए कहा जाता है।
प्रशासन की चेतावनी: चुनाव कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध मैसेज का जवाब न दें और न ही उसमें दिए गए किसी अज्ञात नंबर पर कॉल करें। यह आपको वित्तीय चपत लगाने की एक सोची-समझी साजिश हो सकती है।
भूलकर भी न शेयर करें अपनी ये गोपनीय जानकारियां
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे डिजिटल सुरक्षा का ध्यान रखें और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ निम्नलिखित विवरण कभी भी साझा न करें:
- बैंक खाते की जानकारी (Bank Account Details)
- वन टाइम पासवर्ड (OTP)
- कोई भी व्यक्तिगत या संवेदनशील दस्तावेज
इसके साथ ही निर्वाचन आयोग ने साफ तौर पर कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग (ECI) अपनी किसी भी सेवा के लिए मतदाताओं से कोई शुल्क या पैसे नहीं लेता है। इसलिए पंजीकरण के नाम पर किसी भी प्रकार का आर्थिक लेनदेन न करें।
केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही करें भरोसा
मतदाताओं को सलाह दी गई है कि वे केवल अधिकृत अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारियों को ही सच मानें, जैसे:
- बूथ लेवल अधिकारी (BLO)
- सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AERO)
- निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO)
किसी भी प्रकार की प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, महाराष्ट्र की ऑफिशियल वेबसाइट तथा उनके सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल का ही रुख करें।
शंका होने पर यहां करें शिकायत
यदि किसी मतदाता को अपनी पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर कोई संदेह है या किसी भी तरह की समस्या आ रही है, तो वे तुरंत 1950 मतदाता हेल्पलाइन (Voter Helpline) पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, नागरिक अपने नजदीकी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से जाकर सही स्थिति का पता लगा सकते हैं। जिला प्रशासन ने एक बार फिर जनता से सतर्क रहने और जागरूक रहने की अपील की है।





rpffmelqjhzxsgngwvqsemximeedxd