स्थान: पालघर / बोइसर
पालघर: तारापुर औद्योगिक क्षेत्र (MIDC) स्थित विराज प्रोफाइल्स एसएमएस यूनिट में सोमवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। स्टील पिघलाने के दौरान प्लांट की भट्टी में अचानक जोरदार विस्फोट होने से हड़कंप मच गया। हादसे में दो कर्मचारी घायल हुए हैं, जबकि समय पर चेतावनी अलार्म बजने से बड़ा जनहानि का खतरा टल गया।
2 मिनट पहले बजा अलार्म, बची कई जिंदगियां
घटना सुबह करीब 10:45 बजे की है, जब प्लांट में लोहे को पिघलाने का काम चल रहा था और वहां लगभग 100 मजदूर तैनात थे। ब्लास्ट से ठीक दो मिनट पहले खतरे का अलार्म बज उठा। अलार्म सुनते ही कर्मचारियों ने तुरंत बाहर की ओर दौड़ लगा दी।
क्रेन ऑपरेटर 10% झुलसे, बोइसर में इलाज जारी
भागने के दौरान क्रेन ऑपरेटर धर्मेंद्र कुमार रामअवध शर्मा (45) पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाए और भट्टी की आग की चपेट में आने से 10 प्रतिशत झुलस गए। उन्हें तुरंत बोइसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एक अन्य मजदूर के पैर में मामूली चोट आई थी, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
औद्योगिक सुरक्षा विभाग कर रहा तकनीकी जांच
धमाका इतना तेज था कि आसपास की कंपनियों की खिड़कियां और ढांचे भी प्रभावित हुए। हादसे के तुरंत बाद औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग (DISSH) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार, भट्टी फटने के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है, जिसके बाद ही पूरी रिपोर्ट सामने आएगी।











