---Advertisement---

ठाणे विधान परिषद सीट: अटकलों के बाद शिंदे खेमे का दांव, रवींद्र फाटक ने भरा नामांकन |

June 1, 2026 1:03 PM
---Advertisement---

विरार (Ralivenews) – ठाणे स्थानीय स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद सीट को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही राजनीतिक हलचल और अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। सोमवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिंदे सेना के नेता रवींद्र फाटक ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया, जिससे स्पष्ट हो गया कि यह सीट शिंदे गुट के पास ही रहेगी।

राजनीतिक अटकलों का अंत: फाटक का नामांकन, ठाकुर-पाटिल के नाम हुए बाहर

पिछले कुछ दिनों से वसई-विरार और पालघर के राजनीतिक गलियारों में बहुजन विकास आघाड़ी (बीवीए) के युवा नेता एवं पूर्व विधायक क्षितिज ठाकुर की संभावित उम्मीदवारी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था। इसी बीच रवींद्र फाटक की बीवीए अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर से मुलाकात ने राजनीतिक समीकरणों को लेकर नए कयासों को जन्म दिया था। कुछ राजनीतिक जानकारों ने ठाकुर-शिंदे गठजोड़ की संभावना भी जताई थी।

इन चर्चाओं को उस समय और बल मिला, जब हितेंद्र ठाकुर ने कुछ दिन पहले कहा था कि “घोड़े मैदान से दूर नहीं है।” इस बयान को विधान परिषद चुनाव में बीवीए की बड़ी भूमिका के संकेत के रूप में देखा जा रहा था। हालांकि, अंततः रवींद्र फाटक को ही उम्मीदवार बनाए जाने से क्षितिज ठाकुर और राजीव पाटिल के नामों पर चल रही अटकलों का अंत हो गया।

बीवीए की ‘किंगमेकर’ भूमिका: 71 मतों पर सभी की नजर

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, बहुजन विकास आघाड़ी के पास लगभग 71 मत हैं और उसे अन्य दलों के कुछ सदस्यों का समर्थन भी मिल सकता है। ऐसे में बीवीए इस चुनाव में ‘किंगमेकर’ की भूमिका निभा सकती है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि बीवीए अपने मत किस उम्मीदवार के पक्ष में डालेगी।

इस बीच, पालघर के सांसद हेमंत सावरा और नालासोपारा के विधायक राजन नाइक द्वारा बीवीए के पहले महापौर राजीव पाटिल से की गई मुलाकात भी चर्चा का विषय बनी हुई थी, जिससे राजीव पाटिल के नाम की भी संभावनाएं जताई जा रही थीं। लेकिन रवींद्र फाटक के नामांकन के बाद यह साफ हो गया है कि इस बार ठाकुर और पाटिल परिवार को विधान परिषद चुनाव की दौड़ से बाहर रखा गया है।

आगे क्या? बीवीए का समर्थन तय करेगा नतीजा

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि बहुजन विकास आघाड़ी का समर्थन किसे मिलेगा और ठाणे विधान परिषद चुनाव में उसके वोट किस उम्मीदवार की जीत का रास्ता तय करेंगे। राजनीतिक गलियारों में अब इसी सवाल पर मंथन चल रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment