वसई। महाराष्ट्र के वसई में एक 19 वर्षीय युवक ने अद्भुत साहस और समय-सूझबूझ का परिचय देते हुए एक चार साल की मासूम बच्ची की जान बचाकर मानवता की एक बेमिसाल पेश की है। बालकनी की ग्रिल से लटक रही बच्ची को सुरक्षित बचाने वाले इस युवक, बबित वैजू को अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) केरल सेल द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया है।
ऐसे बचाई मासूम की जान
यह घटना वसई पश्चिम की ‘आनंद विला’ इमारत की है। चार साल की बच्ची निहा तीसरी मंजिल की बालकनी की ग्रिल से खतरनाक हालत में लटक रही थी। इसी दौरान नीचे अपने दोस्तों के साथ मौजूद बबित वैजू की नजर इस पर पड़ी। बिना एक पल गंवाए बबित मदद के लिए दौड़े। जब पता चला कि बच्ची का घर बाहर से बंद है, तो बबित ने तुरंत पड़ोसियों से एक चादर मंगवाई। अपने दोस्त मिथिल के साथ मिलकर उन्होंने चादर को नीचे ताना और बच्ची को सुरक्षित कैच कर लिया।
इस साहसिक बचाव अभियान में बबित के बाएं कंधे में फ्रैक्चर हो गया, लेकिन उनकी इस सूझबूझ ने एक बड़े हादसे को टाल दिया और मासूम की जान बच गई।
बीजेपी केरल सेल ने किया सम्मानित
बबित के इस बहादुरी भरे कदम की सराहना करते हुए बीजेपी केरल सेल के कोऑर्डिनेटर (कन्वीनर) उत्तम कुमार ने अपने कार्यालय में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में एडवोकेट प्रणिल कोप्पिकर, बाला सावंत, अमरदास, सुकुमार, नारायण शेट्टी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इससे पहले, सेंट गोंसाल्वो गार्सिया कॉलेज ने भी बबित के इस अदम्य साहस के लिए उन्हें सम्मानित किया था। बता दें कि बबित, बिंदु के पुत्र हैं, जो वसई अयप्पा सेवा समिति के कमेटी मेंबर और बीजेपी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए बीजेपी नेता उत्तम कुमार ने कहा, “बबित वैजू ने जिस हिम्मत, दूरदर्शिता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया है, वह आज के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। अपनी शारीरिक चोट की परवाह किए बिना एक मासूम की जान बचाना सच्ची मानवता है। ऐसे संवेदनशील और बहादुर युवाओं का समाज में सम्मान होना चाहिए, ताकि अन्य लोग भी मुश्किल वक्त में मदद के लिए आगे आएं।”
कार्यक्रम में मौजूद सभी वक्ताओं ने बबित की तारीफ करते हुए कहा कि समाज में मानवता की ऐसी मिसालें युवाओं को सही दिशा दिखाती हैं और समाज को एक बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देती हैं।





