वसई पश्चिम के माणिकपुर इलाके में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ट्रांसफॉर्मर में जोरदार विस्फोट हो गया। इस भीषण हादसे में महावितरण के कर्मचारियों सहित 7 से 8 लोग घायल हो गए। विस्फोट के बाद ट्रांसफॉर्मर का तेल सड़क पर फैल गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
अचानक हुए धमाके से मची अफरा-तफरी
विस्फोट की आवाज सुनते ही स्थानीय नागरिकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। घटना में वहां काम कर रहे बिजली विभाग के कर्मचारी भी बुरी तरह झुलस गए। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति को काबू किया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
अतिरिक्त लोड के कारण हुआ हादसा
बिजली विभाग के अनुसार, जिस ट्रांसफॉर्मर में यह विस्फोट हुआ है, उस पर लगभग 300 उपभोक्ताओं का लोड था। भीषण गर्मी के कारण इलाके में बिजली की खपत बढ़ गई थी, जिससे ट्रांसफॉर्मर पर अतिरिक्त लोड पड़ा और यह हादसा हुआ। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और पुलिस व बिजली विभाग द्वारा घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।







