विरार पूर्व के मजीवाड़ा नाका क्षेत्र में एक युवक द्वारा पुलिसकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद विरार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी से की अभद्रता
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 8 जून की रात करीब 1:45 बजे की है। विरार पुलिस थाने में तैनात कांस्टेबल अमोल भगवान अपार अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान फूलपाड़ा, विरार पूर्व का रहने वाला मनिष संजय झा (लगभग 25 वर्ष) वहां पहुंचा और पुलिस के काम में दखल देने लगा।
मनपा कर्मचारी की कॉलर पकड़कर तोड़ी आईडी
आरोप है कि युवक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को गाली-गलौज करते हुए धमकाया। इसके साथ ही, उसने वहां मौजूद एक मनपा कर्मचारी की कॉलर पकड़ ली और उसकी पहचान-पट्टी (आईडी कार्ड) तोड़ दी। इस घटना से सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज
इस मामले में विरार पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी मनिष संजय झा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 115(2) और 352 के तहत अपराध क्रमांक 354/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को 9 जून की दोपहर गिरफ्तार कर लिया है।
जांच जारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।







