---Advertisement---

विरार में कचरे का संकट: नारंगी, गोपचर पाड़ा और मकवाना में सड़कों पर पसरा मलबा, नागरिकों में भारी रोष |

July 3, 2026 3:35 PM
---Advertisement---

कचरे के ढेर से बढ़ी बीमारियों की आशंका

विरार: विरार शहर के नारंगी, गोपचर पाड़ा, मकवाना और वीर सावरकर मार्ग क्षेत्रों में कचरे की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर लगने से न केवल क्षेत्र की छवि खराब हो रही है, बल्कि दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों में सफाई व्यवस्था के चरमराने को लेकर भारी नाराजगी है।

सफाई व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

नागरिकों का आरोप है कि कई दिनों से कचरा नहीं उठाया जा रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि जगह-जगह लगाए गए ‘कचरा न फैलाएं’ चेतावनी बोर्डों के ठीक सामने ही कचरे के अंबार लगे हुए हैं। इस स्थिति ने महानगरपालिका की सफाई व्यवस्था और निगरानी तंत्र की पोल खोल दी है। लोगों का कहना है कि बहुजन विकास आघाड़ी (बविआ) के प्रभाग क्रमांक-4 के स्थानीय नगरसेवक इस मामले में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं और बार-बार शिकायतों के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।

जलभराव और स्वास्थ्य के लिए खतरा

बरसात के मौसम में सड़कों पर पड़ा यह कचरा नालियों को जाम कर सकता है, जिससे जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होने की आशंका है। स्थानीय निवासी सूरज गुप्ता ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे केवल विकास के दावों तक सीमित न रहें, बल्कि शहर की मूलभूत सुविधाओं और स्वच्छता पर ध्यान दें ताकि विरार को स्वच्छ और स्वस्थ रखा जा सके। नागरिकों ने तत्काल सफाई अभियान चलाने और कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।

मनपा का बचाव: बारिश के कारण होती है देरी

इस पूरे मामले पर वसई-विरार महानगरपालिका (VVMC) के आरोग्य विभाग के सहायक आयुक्त जितेंद्र नाईक ने सफाई में हो रही देरी का कारण बारिश को बताया है। उनका कहना है कि महानगरपालिका द्वारा सामान्य दिनों में कचरा नियमित और समय पर उठाया जाता है, लेकिन लगातार बारिश के कारण कभी-कभी व्यवधान आ जाता है। उन्होंने बताया कि इस स्थिति को सुधारने के लिए सभी संबंधित क्षेत्रों के स्वच्छता निरीक्षकों (एसआई) की बैठक बुलाई गई है और आपातकालीन स्थिति में भी सफाई व्यवस्था बरकरार रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment