विरार: शुक्रवार रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस संकट की घड़ी में नागरिकों की सुरक्षा और राहत व्यवस्था का जायजा लेने के लिए वार्ड क्रमांक 3 के जनप्रतिनिधियों और मनपा अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
प्रभावित इलाकों का प्रत्यक्ष निरीक्षण

बविआ नगरसेविका सुवर्णा गायकवाड, नगरसेविका जिनत झाहिंदी, नगरसेवक नरेन्द्र पाटील, नगरसेवक रोहन सावंत और मनपा प्रभाग समिति ‘सी’ की सहायक आयुक्त अश्विनी मोरे ने जलभराव प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नवजीवन नगर, गोपचर पाड़ा, पोस्ट ऑफिस क्षेत्र, मकवाना नगर, चामुड़ा नगर और विजय नगर की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों की जानकारी दी।
नागरिकों को दी गई जरूरी सलाह

दौरे के दौरान जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाने की अपील की। इसके अलावा बच्चों पर विशेष नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी गई। पानी भरने के कारण कई इलाकों में आवागमन और दैनिक कामकाज पर असर पड़ा है, जिस पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
जीवदानी ट्रस्ट ने बांटा भोजन
राहत कार्यों के तहत गोपचर पाड़ा स्थित विजय नगर में जीवदानी ट्रस्ट की ओर से प्रभावित नागरिकों के लिए भोजन वितरण किया गया। ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाया। स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और जलनिकासी व्यवस्था को और तेज करने की मांग की।






