पटना । बिहार में मौसम इन दिनों अजब-गजब खेल दिखा रहा है। जहां नौतपा के दौरान आमतौर पर सूरज आग उगलता है और लोग भीषण गर्मी व लू से बेहाल रहते हैं, वहीं मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है। प्रदेश भर में पुरवाई हवाओं के असर और बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण ने मौसम का मिजाज बदलकर रख दिया है।
बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। शुक्रवार की सुबह राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में सूरज के दर्शन नहीं हुए और आसमान में घने बादल छा गए, जिससे दिन में ही शाम जैसा नजारा देखने को मिला। पटना के साथ-साथ खगड़िया, कैमूर, रोहतास, बक्सर, भोजपुर और औरंगाबाद में सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। अचानक आकाशीय बिजली के साथ तेज हवा चलने लगी और फिर झमाझम बारिश शुरू हो गई जिस कारण बिहार में 6 लोगों की मौत हो चुकी है। औरंगाबाद में आकाशीय बिजली गिरने से एक शिक्षक और एक किसान की मौत हुई। वहीं गयाजी में बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हुई। वहीं राजधानी पटना में दो बच्चियों की जान चली गई। तेज हवाओं के कारण कई जगह सड़क पर पेड़ गिर गए जिससे यातायात बाधित हो गया।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो से तीन घंटों के भीतर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया था।
मौसम विभाग ने राज्य के बड़े हिस्से में भारी मौसम खराब होने की चेतावनी जारी की है। जिन प्रमुख जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, नालंदा, अररिया, अरवल, औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, भभुआ, भागलपुर, भोजपुर, गोपालगंज, सारण, सीवान, पूर्वी चंपारण, जहानाबाद, नवादा, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, वैशाली और शेखपुरा शामिल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार से रविवार तक तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। फिलहाल राज्य में हीटवेव यानी लू चलने की कोई संभावना नहीं दिखाई दे रही है।
बिहार में बदला मौसम का मिजाजघने बादलों से छाया अंधेरा, हुई मूसलाधार बारिश |
By Radha Singh
May 29, 2026 1:08 PM
---Advertisement---





