ठाणे-पालघर स्थानीय स्वराज्य संस्था विधान परिषद सीट पर अब चुनावी मुकाबला नहीं होगा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार अभिजीत पवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके बाद शिवसेना उम्मीदवार रविंद्र फाटक की निर्विरोध जीत का रास्ता साफ हो गया है।
आखिरी दिन बदला राजनीतिक समीकरण
शुरुआत में इस सीट पर सत्तापक्ष और महाविकास आघाड़ी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा था। महाविकास आघाड़ी की ओर से उम्मीदवार उतारे जाने के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई थीं। लेकिन नामांकन वापसी की अंतिम तिथि पर हुए इस फैसले ने चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल दी है।
संख्या बल की कमी के कारण लिया फैसला
जानकारी के अनुसार, विपक्ष के पास जीत के लिए आवश्यक संख्या बल नहीं था, जिसके कारण चुनावी मैदान से हटने का फैसला लिया गया। इसकी पुष्टि करते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के ठाणे शहर अध्यक्ष मनोज प्रधान ने बताया कि पार्टी के पास जीत के लिए जरूरी वोट नहीं थे, इसलिए चुनाव न लड़ने का निर्णय लिया गया। उन्होंने आगे कहा कि अब पार्टी संगठन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।
निर्विरोध चुने जाएंगे रविंद्र फाटक
नामांकन वापस लिए जाने के बाद अब रविंद्र फाटक के निर्विरोध निर्वाचित होने की औपचारिक घोषणा होने बाकी है। ठाणे-पालघर क्षेत्र की राजनीति में इस घटनाक्रम को काफी अहम माना जा रहा है।







